फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव

सादात। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवरिया वृंदावन में सोमवार को 28 वर्षीय सरिता यादव की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का दावा किया है, जबकि मायके वालों ने सरिता की मौत पर संदेह जताया है। सूचना मिलने पर पहुंची बहरियाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और जखनियां के नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सरिता यादव की शादी बेलवरिया वृंदावन निवासी तेज प्रताप यादव ‘तेजू’ से 12 मई 2021 को हुई थी। वह मऊ जनपद के बस्तियार चक निवासी रामसमुझ यादव की पुत्री थीं। दंपति का करीब साढ़े चार साल का एक पुत्र किट्टू है। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम को सरिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। बहरियाबाद पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर पंखे की कुंडी से साड़ी के फंदे से लटके शव को नीचे उतारकर बिस्तर पर लिटा दिया था। पुलिस के साथ ही घटनास्थल पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने साक्ष्य एकत्रित किया। मृतका के भाई राहुल और चाचा घुरभारी यादव ने पुलिस को बताया कि सरिता रविवार को ही अपने पति के साथ मायके से ससुराल लौटी थीं। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि अचानक ऐसा क्या हुआ कि सरिता ने फांसी लगा ली।
बहरियाबाद थाने के उप निरीक्षक रविंद्र कुमार गौड़ ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

जनता भयमुक्त नहीं हुई, माफिया अपराधी हैं भयमुक्त

गाजीपुर। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के …