भविष्य की नींव रखने वाला पवित्र मंदिर

रेवतीपुर। स्थानीय गाँव स्थित कम्पोजिट विद्यालय में गुरुवार को वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उल्लास और रचनात्मकता का वातावरण देखने को मिला।छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक और लोक प्रस्तुतियां शामिल थीं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों के आत्मविश्वास और मंच संचालन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ओमप्रकाश राय ने मेधावी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा देने का स्थान नहीं, बल्कि छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने वाला पवित्र मंदिर है।
उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान कर बच्चों को आगे बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
विशिष्ट अतिथि बीईओ अशोक कुमार गौतम और डायट मेंटर सर्वेश राय ने कहा कि वार्षिकोत्सव का यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा का मंच है, बल्कि शिक्षा के प्रति जागरूकता और समर्पण का भी सशक्त संदेश देता है।उन्होंने आगे कहा कि यह कार्यक्रम पूरे वर्ष भर की मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का उत्सव है। बच्चों ने जिस प्रकार अपनी कला, संस्कृति, ज्ञान और आत्मविश्वास का परिचय दिया, वह सराहनीय है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों में असीम संभावनाएं हैं, जो भविष्य में समाज और देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें जीवन जीने की कला सिखाती है।खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियाँ व्यक्तित्व को संपूर्ण बनाती हैं, इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ रुचियों को भी आगे बढ़ाना चाहिए।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका सीमा राय, पूर्व प्रमुख मुकेश राय, मनोज यादव, सहायक अध्यापिका सीमा राय,उमाशंकर गौतम, अश्वनी राय, बृजेश कुमार, प्रफुल्ल राय, पंकज राय, अरुण राय, डायट मेंटर नवल कुमार गुप्ता, राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाचार्य महेंद्र गुप्ता, अराधना राय,वार्डेन मंजू चौहान, राजेश कुमार विश्वकर्मा, सनातन कुमार गहलौत, दुर्गेश कुमार और मनीषा पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Check Also

जनता भयमुक्त नहीं हुई, माफिया अपराधी हैं भयमुक्त

गाजीपुर। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के …