
सादात। थाना क्षेत्र के शिशुआपार गांव में शुक्रवार सुबह खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग में लगभग तीन बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि गांव में 70 साल पुराने जर्जर बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे हैं। इन तारों को बदलने के लिए विभाग से बार-बार शिकायतें की गई थीं।
ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इस आगजनी में कई किसानों का गेहूं नष्ट हो गया। इनमें अरविंद राय पुत्र स्वर्गीय हरिद्वार राय, अनिल राय पुत्र सत्यराम राय, विनय राय पुत्र स्वर्गीय गोरख राय, संकठा राय पुत्र स्वर्गीय विक्रमां राय, सुनील राय पुत्र हरिद्वार राय और मीना देवी पत्नी शिवचरणजी राजभर शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल राम प्रवेश यादव और ग्राम सचिव मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेजने की बात कही।
Narad Vani The Critical Opinion