
गाजीपुर । आगामी त्यौहार नवरात्रि, दशहरा, दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर जनपद में साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु सेन्ट्रल पीस कमेटी की बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा की उपस्थिति में पुलिस लाईन सभागार में सभी धर्मगुरूओं एवं संभ्रान्त नागरिकों के साथ बैठक हुई।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बैठक में आये सभी धर्मों के सम्मानित नागरिकों को साधुवाद देते हुए कहा कि आप सभी लोग अपने-अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वाहन करने के लिए इस बैठक में उपस्थित हुए ।उन्होने सभी उपस्थित नागरिकों का आह्वान करते हुए अपील की है कि जिस प्रकार विगत वर्षों में सभी धर्मों के लोग आपसी भाई चारे से सभी त्यौहार में मिल जुल कर मनाते रहे हैं, आगे भी उसी तरह से गंगा जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए इसका अक्षरशः पालन करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी धर्मों के त्यौहारों का एक ही मकसद होता है कि दूसरों की भावनाओं को आहत किये बिना हर्षोंल्लास के साथ त्यौहार मनायें। उन्होने जनपद वासियों का आह्वान करते हुए अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों को प्रसारित करने से बचें और कोई भी इस प्रकार भ्रामक सूचना यदि उन्हे प्राप्त होती है तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दे, ताकि उस सूचना की जॉच करते हुए उसका निस्तारण समयान्तर्गत कराया जा सके। पण्डाल समिति अपने-अपने आंतरिक व्यवस्थाएं पूर्व में सुनिश्चित करे लें तथा जिन्होने परमिशन न लिया हो वे लिखित रूप से सम्बन्धित अधिकारी से परमिशन लेकर दिये गये शर्ताें का पालन अवश्य करेंगे। पण्डाल के सजावट के दौरान अत्यन्त ज्वलनशील वस्तुओं का प्रयोग न किया जाये। पण्डाल में प्रवेश व निकास द्वारा में उचित स्थान रहे। सड़क के किनारे पण्डाल न लगाया जाये तथा पण्डाल में रेत, पानी, सी सी टी वी कैमरा की व्यवस्था अवश्य रहे। इस हेतु उन्होने सम्बन्धित अधिकारी को पूर्व में निरीक्षण कर आश्वस्त होने निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा पण्डाल के नाम पर कोई भी अन्य नया कार्य न हो, पण्डाल मे अश्लील गाने कदापि न बजे, न ही आरकेस्ट्रा का आयोजन हो। पण्डाल स्थल पर महिला एव पुरूषों के लिए अलग-अलग लाईने लगायी जाये। उन्होने बताया कि शासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिये गये है कि त्यौहारों को पारम्परिक ढंग से मनाया जाये और किसी भी प्रकार की नई परम्परा का आरम्भ न की जाय। उन्होने सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि त्यौहार के समय अपने- अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली और साफ सफाई की व्यवस्था मुकम्मल रखें। विद्युत विभाग को जर्जर तार, खम्भे, विद्युत आपूर्ति को सही कराने तथा विसर्जन के दौरान रास्तो पर विशेष रूप से मौके का निरीक्षण कर ढीले एव लटके हुए जर्जर तारों को प्राथमिकता के तौर पर सही कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, आर ई डी एवं जिला पंचायत द्वारा अपनी अपनी सड़कों को गडढ़ा मुक्त करें जिससे कि आने-जाने में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हों। जिलाधिकारी ने सभी पंडाल समितियों को निर्देश दिया कि वालेंटियर बनाते हुए उनका नाम पता मोबाइल नम्बर प्रशासन को उपलब्ध करायें। जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दी।
पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा ने बैठक को सम्बोधित करते हुए बताया कि जनपद में सभी स्थानों पर पुलिस की व्यवस्था चाक चौबन्द रहेगी और सभी चौराहों पर पिकेट के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की टीम जनपद में भाई चारा, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होने अपील करते हुए कहा किसी भी भ्रामक खबरो पर ध्यान न दे नही किसी भी सोशल साईट पर आने वाले भ्रामक खबरों व फोटो को पोस्ट न करें अन्यथा सम्बन्धित के खिलाफ ही कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। जनपद में महिला के सम्मान एव सुरक्षा हेतु एण्टी रोमियो स्क्वायड सक्रिय रहेगी एवं विभिन्न पण्डालों पर महिला सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की जायेगी। पण्डालों एवं अन्य स्थानो पर शस्त्रों का प्रदर्शन पूर्णतया वर्जित रहेगा। उन्होने कहा कि पुलिस अराजक तत्वों पर पैनी नजर रहेगी तथा इस तरह के शोहदों पर कठोर कार्यवाही की जायेगी। उन्होने समस्त सम्बन्धित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने अपने क्षेत्र के सम्भ्रान्त नागरिकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों से समन्वय स्थापित करते हुए जनपद में भाई चारा, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू/रा0 आयुष चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/शहरी, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त सम्बन्धित अधिकारीगण, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत सहित नागारिक एवं धर्म गुरू उपस्थित थे।

Narad Vani The Critical Opinion