दिन के उजाले में समाप्त होगा चेहल्लुम जुलूस

सादात। थाने में मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और चेहल्लुम को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। एसओ वागीश विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसमें तय किया गया कि 16 अगस्त को चेहल्लुम का जुलूस शाम 5 बजे तक समाप्त करना होगा, ताकि जन्माष्टमी मनाने वाले लोग इसके बाद झालर और झंडी लगा सकें। एसओ ने स्पष्ट किया कि इस निर्णय का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि सादात नगर में अन्य स्थानों से एक दिन बाद चेहल्लुम मनाने की प्राचीन परंपरा चली आ रही है। इस बार 16 अगस्त को चेहल्लुम और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार एक साथ पड़ने के कारण प्रशासन सतर्क है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि पिछले मुहर्रम जुलूस के दौरान पत्थरबाजी की घटना हुई थी, जिससे नगर का माहौल बिगड़ते बिगड़ते बचा। इसे मद्देनजर रखते हुए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं।
पुलिस दिन की रोशनी में ही चेहल्लुम जुलूस समाप्त कराएगी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बैठक में चेयरमैन प्रतिनिधि धर्मेन्द्र यादव सोनू, मजुई निवासी कमर सिद्दीकी, मुहम्मद जावेद, आजाद समेत कई वार्ड सभासद और प्रमुख नागरिक उपस्थित थे।

Check Also

छः फरवरी तक भर सकते हैं फार्म छः

गाजीपुर ।जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने शनिवार को विधान सभा क्षेत्र 375-सदर के विभिन्न …