सोशल मीडिया पोस्ट से पुलिस ने बचाई युवती की जान

सादात। पुलिस ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या का पोस्ट देखकर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवती की जान बचाने का सराहनीय कार्य किया है। इसे लेकर जहां तरह तरह की चर्चाएं की जा रही है, वहीं पुलिस की सक्रियता को सराहा जा रहा है।
सोशल मीडिया सेल डीजीपी ऑफिस को सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक युवती द्वारा भारी मात्रा में दवा की गोलियां खाकर आत्महत्या करने का पोस्ट मिला।
मीडिया सेल गाजीपुर ने तुरंत थाना सादात को सूचना दी। सादात पुलिस टीम तत्काल ग्राम कुंदुरसीपुर पहुंची। वहां युवती चारपाई पर अचेत अवस्था में मिली। पुलिस ने महिला सिपाही की मदद से युवती को सीएचसी सादात में भर्ती कराया।
समय पर इलाज मिलने से युवती की जान बच गई। पूछताछ करने पर पता चला कि युवती ने अपने प्रेमी से नाराज होकर और जीवन से निराश होकर दवा की गोलियां खा ली थीं। डॉक्टरों के अनुसार, अगर उसे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो युवती की जान जा सकती थी।
सादात एसओ वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। युवती के परिवार वालों ने पुलिस की तत्परता और कर्मठता की सराहना की। मीडिया सेल और सादात पुलिस की सतर्कता से न केवल एक जान बची बल्कि एक परिवार को बड़ा दुख झेलने से भी बचाया गया।

Check Also

छः फरवरी तक भर सकते हैं फार्म छः

गाजीपुर ।जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने शनिवार को विधान सभा क्षेत्र 375-सदर के विभिन्न …