
गाजीपुर । उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार देर शाम कांग्रेस कैंप कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम, शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की। इस बैठक में संगठन के कार्यों की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर पर कांग्रेस को कैसे मजबूत किया जाए, इस पर विशेष चर्चा हुई।
इस बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों की जानकारी दी और संगठन विस्तार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को साझा किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गाजीपुर जनपद की राजनीतिक एवं सामाजिक स्थिति को देखते हुए कांग्रेस को शहर के साथ गांव-गांव और बूथ-बूथ तक मजबूत करने की जरूरत है। संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं में निहित होती है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक बूथ पर एक सक्रिय और जागरूक टीम हो, जो जनता की समस्याओं को उठाने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन के प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और जिम्मेदार पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता, प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, ब्लॉक एवं नगर इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में प्रदेश उपाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर संगठन को मजबूत करें और जनता के बीच कांग्रेस के विचारों को प्रसारित करें।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष सुनील राम ,शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ,रविकांत राय ,अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, विद्याधर पांडेय, हामिद अली, राजेश विश्वकर्मा, सतीश उपाध्याय, राजेश गुप्ता ,आलोक यादव ,संजय सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।
Narad Vani The Critical Opinion