
गाजीपुर। समाजवादी महिला सभा के तत्वावधान में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए अमर्यादित टिप्पणी करने वाली दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का पुलिस अधीक्षक के कार्यालय के सामने बुधवार को पुतला दहन कर विरोध जताया।
अखिलेश यादव पर हुए अमर्यादित टिप्पणी से समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता आक्रोशित और मर्माहत है ।
महिला सभा की जिलाध्यक्ष विभा पाल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि अखिलेश यादव की पीडीए समाज में बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा के नेता और कार्यकर्ता अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। लगातार पार्टी की चल रही पीडीए चर्चा कार्यक्रम में उमड़ रही भीड़ ने भाजपा नेताओं को बेचैन कर दिया है। जिससे घबड़ाकर भाजपा नेता अनाप शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा नेताओं के इस नापाक हरकतों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं।
समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव रीता विश्वकर्मा ने कहा भाजपा नेता लाज हया सब खो चुके हैं। पूरा देश मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से तंग है, महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो गया है। हम तो प्रदेश की कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते ही थे अब तो सुप्रीम कोर्ट भी इस बात को तस्दीक कर रहा है। यह सरकार जनता का ध्यान बुनियादी सवालों से भटकाने के लिए गाली गलौज पर उतर आयी है। भाजपा नेताओं में न लोकतांत्रिक संस्कार बचे हैं न मर्यादा।
पुतला दहन में मुख्य रूप से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ सीमा यादव, संगीता गुप्ता,रीना यादव, बिंदु बाला बिंद, कंचन रावत, अनीता यादव, ममता यादव,नीलम यादव,वर्षा यादव,धनु यादव,चंदन सोनकर, अनीता यादव शामिल थी।