
भांवरकोल। ब्लॉक मुख्यालय के समीप सहरमाडीह स्थित त्रिलोचन किनवार कीर्ति स्तंभ का चौथा स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परिसर स्थित कुलदेवी की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन–पूजन एवं प्रार्थना के साथ हुई। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाज के लोगों को अंगवस्त्रम् एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत कश्यप गोत्रीय भू–ब्राह्मणों का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि राजगुरु मठ के पीठाधीश्वर अनंतानंद सरस्वती ने किनवार कीर्ति स्तंभ की वार्षिक पत्रिका “किनवारिका” का विमोचन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किनवार समाज के संरक्षक इं. अरविन्द कुमार राय ने कहा कि किनवार वंश का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। उन्होंने कहा कि कीर्ति स्तंभ समाज को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करेगा तथा वंश के कल्याण हेतु हरसंभव सार्थक प्रयास किए जाएंगे। सुझाव के साथ प्रयास भी आमंत्रित हैं। अभी इसका शैशवकाल है। समाज के हित में जो संभव होगा उसे मिलजुल कर किया जाएगा।
उन्होंने समाज से आह्वान किया कि सभी लोग एकजुट होकर कमजोर, असहाय एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आएं। कहा कि समाज जो भी दायित्व सौंपेगा, उसे निभाने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।
मुख्य अतिथि अनंतानंद सरस्वती ने कहा कि हमारा समाज अपने अधिकारों को स्वयं अपनी वीरता और पुरुषार्थ के बल पर प्राप्त करता आया है। समाज कभी वंशवाद या पद–लालसा का इच्छुक नहीं रहा, बल्कि देशसेवा में इसका गौरवशाली योगदान रहा है।
इस अवसर पर डॉ. अविनाश प्रधान ने कहा कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है जब समाज के गरीब और असहाय वर्ग का ख्याल किया जाए। उन्होंने तेरही और शादियों में दिखावे की फिजूलखर्ची जैसी सामाजिक कुरीतियों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता बताई तथा सहकार और संगठन के माध्यम से समाजोत्थान पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज की कीर्ति बनाए रखने के लिए बौद्धिक वर्ग को आगे आकर मार्गदर्शन करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता किनवार समाज के अध्यक्ष संतोष राय ने की तथा सभी आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का ओजपूर्ण संचालन डॉ. व्यासमुनि राय ने किया।
इस मौके पर साहित्यकार रामबदन राय, भाजपा के वरिष्ठ नेता विजयशंकर राय, वीरेंद्र राय, चौधरी दिनेश राय, प्रेमशंकर राय, राजेंद्र राय, शारदानंद राय उर्फ लुटुर राय, बेनीमाधव राय, जिला पंचायत प्रतिनिधि अनिल मुन्ना, विनोद राय, विमलेश राय, डा. राजेंद्र राय, डा. बरमेश्वर राय, मुक्तिनाथ राय, देवेंद्र प्रताप सिंह, राजेश राय पिंटू, विनय राय, बबलू राय, रविकांत उपाध्याय, हिमांशु राय, कवि दिनेश राय, नागा दूबे, कमलेश शर्मा, पंकज राय ,इंद्रासन राय , धीरेंद्र राय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Narad Vani The Critical Opinion