
गाजीपुर ।उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित मुख्य सेविकाओं एवं फार्मासिस्टों का नियुक्ति वितरण कार्यक्रम लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्पन्न हुआ। पूरे प्रदेश में 2425 मुख्य सेविकाओं एवं 13 फार्मासिस्टों को नियुक्त पत्र दिया गया। इस अवसर पर विकास भवन सभागार में लाईव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का प्रसारण देखा व सुना गया। जिसमें प्रदेशभर में हजारों अभ्यर्थियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई नियुक्तियाँ प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति देंगी।
जनपद स्तर पर नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम विकास भवन सभागार में मुख्य अतिथि संगीता बलवन्त राज्य सभा सांसद, विशिष्ठ अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल के कर कमलों द्वारा किया गया। जिसमें जनपद की 63 आत्मनिर्भर महिलाओं को मुख्य सेविका के पद पर नियुक्त होने पर नियुक्ति पत्र उनके हाथों में दिया गया। नियुक्ति पत्र पाकर महिलाओं के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम के दौरान राज्य सभा सांसद ने अपने सम्बोधन में कहा कि यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में ग्राउंड स्तर पर महिलाओं और बच्चों के विकास में सहायक होगी। उन्होने बताया कि महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग में लम्बे समयान्तराल पर नियुक्तियॉ हुईं हैं। आज उसका नियुक्ति पत्र प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से वितरित किया गया है। जिसमें जनपद स्तर पर 63 मुख्य सेविका को नियुक्त पत्र वितरण करते हुए उन्हे बधाई दी तथा शुभकामाना के साथ उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होने बताया कि पूरे प्रदेश में 2425 मुख्य सेविकाओं एवं 13 फार्मासिस्टो को पूरी पारदर्शिता एवं योग्यता के आधार पर चयनित कर नियुक्ति पत्र दिया गया है। जो सरकार की उपब्धियों को दर्शाता है। उन्होने सभी आत्मनिर्भर बहनो से इस विकसित भारत में अपनी भूमिका का निर्वहन करने का आग्रह किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने अपना सम्बोधन व्यक्त करते हुए कहा कि यह भर्ती बाल विकास पुष्टाहार विभाग में बड़े पैमाने पर हुई है और इसके माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ है। उत्तर प्रदेश सरकार अपने मिशन रोजगार के तहत लगातार रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है, और इस नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम से प्रदेश में लगभग आठ लाख लोगों को पहले ही सरकारी नौकरी मिल चुकी है। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने नव चयनित मुख्य सेविकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी, समस्त सी0डी0पी0ओ0 एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Narad Vani The Critical Opinion