
गाजीपुर । ग्यारहवां अन्तर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस थीम ‘‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग‘‘ जनपद में मनाया गया । शनिवार को जनपद में उत्साह, उल्लास, एवं उमंग के साथ ग्यारहवां अंन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस-2025 के कार्यक्रम आयोजित हुए। जिला मुख्यालय पर नेहरू स्टेडियम गोराबाजार में बड़ी तादात में लोग शामिल हुए। इसी के साथ तहसील, ब्लाक, समस्त ग्राम पंचायतों व विभिन्न सरकारी व निजी संस्थानों में भी योग दिवस का आयोजन हुआ।
ग्यारहवां अन्तर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद डा0 संगीता बलवंत, विशिष्ट अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल, मण्डलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं धन्वन्तरि के चित्र पर माल्यापर्ण कर किया। तत्पश्चात मंच पर आसीन मुख्य अतिथि, विशिष्टि अतिथि एवं मण्डलायुक्त का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया। मौके पर अपर जिलाधिकारी वि0रा0 दिनेश कुमार, पुलिस विभाग के अधिकारीगण, उपजिलाधिकारी सदर,समस्त जनपद स्तरीय विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, छात्र/छात्राओं, प्रजापिता ब्रम्हकुमारी संस्था, हार्ट फुलनेस के अलावा बड़ी संख्या में उपस्थित लोगो ने अंन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डा0 संगीता बलवंत ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज मैं देश के यशश्वी प्रधानमंत्री की देश व पूरी दुनिया की तरफ से धन्यवाद देती हूं जिन्होने योग दिवस का प्रस्ताव संयुक्त राज्य महासभा में रखा और उनका प्रस्ताव स्वीकृति मिलने के कारण आज हम पूरी दुनिया के लोग योग दिवस मना रहे हैं। उन्होने कहा कि ‘‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग‘‘ थीम पर आयोजित 11 वां योग दिवस जिस प्रकार एक पृथ्वी है उसी प्रकार हमारा स्वास्थ्य भी एक ही है यदि हमें इस पृथ्वी को बचाना है तो हमें जागरूक होना होगा, हमारा तन, मन स्वस्थ रहे तो इसके लिए हमे योग करना होगा, जब हम स्वस्थ रहेगे तभी हम पृथ्वी को भी स्वस्थ रख सकेगे। उन्होने कहा कि योग भारतीय संस्कृति एवं परंपरा की एक अमूल्य देन है। योग भारत में सदियों पुरानी परम्परा रही है जिसे हमें हमारे ऋषि मुनियों ने आर्शीवाद के रूप में दिया है। आज जहां हम लोग योग दिवस के रूप में यहां उपस्थित हुए हैं उसी तरह प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम में योग दिवस समारोह में शामिल हैं। हमें चाहिए की योग को केवल एक दिन न करके प्रतिदिन योग को अपने दिनचर्या का हिस्सा बनाये क्योंकि जब हम योग करेंगे तभी निरोग रहेंगे। जब हमारा तन, मन स्वस्थ रहेगा तभी देश भी स्वस्थ रहेगा। आज हमें यह संकल्प लेना है कि केवल 21 जून को ही नही बल्कि प्रत्येक दिन योग को अपने दिनचर्या में शामिल करते हुए स्वयं स्वस्थ रहेगे और समाज को भी स्वस्थ रखेगे । तभी अपना देश आगे बढेगा।
मण्डलायुक्त एस0 राजलिंगम ने ग्यारहवें अन्तर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस के अवसर पर गाजीपुर में योग की अलख जगाने के लिए इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित लोगो को बधाई देते हुए कहा कि आज जनपद में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस हम मना रहे हैं। आज ही प्रधानमंत्री द्वारा विशाखापत्तनम में योग दिवस का कार्यक्रम किया जा रहा है। उन्होने कहा कि योग विश्व के लोगो को एक वेलनेश का संदेश देता है तथा यह भारत के कन्ट्रीव्यूशन को दर्शाता है। उन्होने जनपद गाजीपुर में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन पर जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि भारत की भूमि वह भूमि है जहां योग का प्रादुर्भाव हुआ है। यहां अनेक ऋषि मुनियों ने जन्म लिये जिन्होने योग जैसी साइंटिफिक विद्या से शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खोज निकाला एवं उसका जन-जन में प्रचार भी किया। इसी भूमि से जो विद्या निकली है उसी को प्रधानमंत्री ने आगे पहुंचाया और पूरे विश्व पटल पर योग दिवस के माध्यम से स्थापित कराया। आज हमारी जिम्मेदारी है कि इसको और आगे कैसे ले जा सकते हैं। इसी उद्देश्य से आज योग दिवस मनाया जा रहा है।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने अपने सम्बोधन में थीम ‘‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग‘‘ पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि योग को अपने जीवन शैली में अपनाने, समाज में प्रचार प्रसार करने , आत्म प्रेरित करने के लिए किया जा रहा है। योग हमारी एक ऐसी विरासत है जिससे हम अपने स्वास्थ को ही नही बल्कि मानसिक व शारीरिक विकास के साथ अपने जीवन को आगे बढाने के लिए इसका उपयोग कर सकते हैं। उन्होने योग को केवल आज ही नही बल्कि अपने दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की । उन्होने कहा कि स्वास्थ्य हमेशा सर्वाेपरि रहेगा, आप स्वयं एवं पास पड़ोस के लोगो को भी योग के प्रति जागरूक करें।
21 जून 2025 अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस यह एक ऐसा मौका था, जब जनप्रतिनिधि, जिले भर के अधिकारी और आम नागरिकों ने एक साथ योगाभ्यास किया। इसमें जनपद के कुशल योग प्रशिक्षक प्रतीक्षा पाण्डेय एवं धीरज राय ने कॉमन योग प्रोटोकॉल की ग्रीवा शक्ति, शक्ति एवं घुटना शक्ति विकासक क्रियाओं, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, उत्तान मंडूकासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्ध हलासन, पवनमुक्तासन एवं सवासन सहित कपालभाति नाड़ी शोधन प्राणायाम शीतली प्राणायाम भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराते हुए प्रतिदिन योगाभ्यास का संकल्प दिलाया। साथ ही इन योगासनों के शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों और निरोगीकाया के लिए इनके महत्व को बताया। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं उपस्थित आगन्तुकों का आभार मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने व्यक्त किया। संचालन सुभाष चन्द्र प्रसाद लेखा एवं कार्यक्रम सहायक नेहरू युवा केन्द्र ने किया।
माय भारत युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा कपिल देव उपनिदेशक, सुभाष चन्द्र प्रसाद लेखा एवं कार्यक्रम सहायक के निर्देशन मे संचालित विभिन्न युवा मंण्डलों मे 11वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस धूम धाम से मनाया गया । नेहरू स्टेडियम में भी स्थानीय युवा मण्डल के सैकड़ों सदस्यों ने भाग लिया।

Narad Vani The Critical Opinion