सादात। नगर में मंगलवार की शाम आदर्श रामलीला समिति के तत्वाधान में आस्था और उत्साह के साथ भरत मिलाप सम्पन्न हुआ। चौदह वर्ष का वनवास समाप्त होने पर राम, लक्ष्मण और सीता के अयोध्या वापस आते ही नगरवासी हर्षित हो उठते हैं। पलक पांवड़े बिछाए बैठे भरत और शत्रुघ्न उनके आने की राह देखते हैं। चारों भाइयों के मिलन का मनोहारी दृश्य देखकर लोग भावविभोर हो उठते हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने सजल आंखों से झांकी का दर्शन किया। सुरक्षा की दृष्टि से एसओ आलोक त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिसकर्मी तैनात रहे।
आरती पूजन के साथ रामलीला मैदान से शुरू हुई भरत मिलाप की शोभा यात्रा पुराना सिनेमा हाल चौराहा से मुख्य बाजार होते हुए परंपरागत स्थल पर पहुंची। राम के रूप में (सत्यम), लक्ष्मण (विशाल प्रजापति), भरत (शिवा वर्मा), शत्रुघ्न (अजीत प्रजापति), हनुमान (कृष्णा) और सीता की भूमिका में नीरज के किरदार की दर्शकों ने काफी सराहना किया। इस मौके पर रामलीला समिति के अनिल शर्मा, श्रवण कुशवाहा, काशी सिंह कुशवाहा, कल्पनाथ कश्यप, विवेक जायसवाल, गोलू विश्वकर्मा, अजय बर्नवाल सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। अंत में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अनिल शर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने रामलीला और भरत मिलाप का संपूर्ण कार्यक्रम सकुशल संपन्न होने पर पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
Narad Vani The Critical Opinion