
सादात ।जीउतदास इंटर कॉलेज चैनपुर में सोमवार को ‘हमारा आंगन-हमारे बच्चे’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। बेसिक शिक्षा और बाल विकास परियोजना विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में चयनित 65 निपुण बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी सोनम सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दोनों अधिकारी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थे।
खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव ने इस अवसर पर सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और ‘सब पढ़ें, सब आगे बढ़ें’ के सिद्धांत पर जोर दिया। यादव ने शिक्षा को विकास की कुंजी बताते हुए कहा कि शिक्षा पर सभी का समान हक है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से प्री-प्राइमरी शिक्षा के लिए समुदाय में जागरूकता बढ़ाने हेतु ‘हमारा आंगन-हमारे बच्चे’ कार्यक्रम शुरू किया गया है।
श्री यादव ने इस बात पर भी जोर दिया कि छोटे बच्चों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी जितनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षकों की है, उतनी ही उनके नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अभिभावकों की भी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इस अवसर पर आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मंजू सिंह, अंजलि सिंह, ममता, सुशील चौबे, राजबहादुर सिंह, राजन सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
Narad Vani The Critical Opinion