
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार जनपद में मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान एवं संविदा कर्मियों के लंबित मानदेय के विरोध में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा विकास भवन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेश भर में एक साथ आयोजित कर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक विरोध दर्ज कराया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार पूरी तरह मजदूर विरोधी और संवेदनहीन हो चुकी है। मनरेगा के तहत कार्य करने वाले लाखों मजदूरों का महीनों से भुगतान लंबित रखना सरकार की नीयत और नीति दोनों पर सवाल खड़ा करता है। गरीब मजदूर अपने ही हक के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं ग्राम रोजगार सेवकों एवं अन्य संविदा कर्मियों को भी कई महीनों से मानदेय न मिलना सरकार की विफलता का स्पष्ट प्रमाण है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मजदूरों और कर्मचारियों का बकाया भुगतान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक बड़ा जनआंदोलन खड़ा करेगी।
जिलाध्यक्ष सुनील राम ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि
“यह सरकार गरीबों और मजदूरों के हक पर खुला डाका डाल रही है। मनरेगा जैसी जीवनदायिनी योजना को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है। मजदूरों का पसीना सूख गया लेकिन उनकी मजदूरी अब तक नहीं मिली, यह सरकार की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।”
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि
“प्रदेश में कानून व्यवस्था के साथ-साथ रोजगार व्यवस्था भी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा सरकार केवल प्रचार और दिखावे में लगी है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि मजदूर और कर्मचारी अपने हक के लिए भटक रहे हैं।”
पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय ने कहा कि
“भाजपा सरकार पूरी तरह जनविरोधी नीतियों पर चल रही है। मनरेगा का भुगतान रोकना गरीबों के अधिकारों का सीधा हनन है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी और जरूरत पड़ी तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।”
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि
“सरकार की नीतियां केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने तक सीमित हैं, जबकि गरीब मजदूरों को उनके ही मेहनत की कमाई के लिए तरसाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।”
अंत में कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए मनरेगा मजदूरों एवं संविदा कर्मियों के लंबित भुगतान को तत्काल जारी करने की मांग की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बटुक नारायण मिश्रा, अजय कुमार सिंह ,अजय कुमार श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, देवनारायण सिंह, उमाशंकर सिंह ,ज्ञान प्रकाश सिंह, राम नगीना पांडे, राशिद महबूब, निशा, विद्याधर पांडे ,कमलेश्वर प्रसाद शर्मा ,ओम प्रकाश यादव, कृष्णानंद तिवारी, वीरेंद्र राय, सीताराम राय, बृजेश कुमार, राघवेंद्र राम ,दिनेश राम, अवधेश भारती, आशुतोष गुप्ता, आलोक यादव ,ओम प्रकाश पांडे, राजेश तिवारी, जयप्रकाश पांडेय ,प्रकाश राय, सुधांशु तिवारी, शशांक उपाध्याय, राघवेंद्र चौबे, काजल कश्यप, आरती भारती, चंद्रशेखर आर्य, मुसाफिर बिंद, सतीश यादव, गुलवास यादव, इंद्रजीत चौधरी, अजय दुबे, कुंदन खरवार, दीना यादव, संजय साहू ,विनोद सिंह, जंगई, महेंद्र कुशवाहा ,दिव्यांशु पांडे ,विनोद सिंह, देवानंद यादव, संजय साहू ,देवेंद्र सिंह, प्रवीण दुबे ,इंद्रजीत चौधरी,सतीश श्रीवास्तव, ताहिर अब्बासी ,संतोष निगम ,ज्वाला वर्मा ,उपेंद्र यादव ,मुंशी अंसारी, राकेर राजभर ,गुड्डू कुमार, हरिओम यादव, राहुल मौर्य, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Narad Vani The Critical Opinion