सताए गए लोगों के साथ खड़ा होना ही मेरे परिवार का कसूर: मन्नू अंसारी

गाजीपुर। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर आरंभ हुई देश बचाओ -देश बनाओ पदयात्रा बुधवार को सोलहवें दिन युवा समाजवादी योद्धा अभिषेक यादव की अगुवाई में संविधान बचाओ – लोकतंत्र बचाओ संकल्प के साथ भाजपा गद्दी छोड़ो नारे को बुलंद करते हुए मुहम्मदाबाद से भांवरकोल के लिए रवाना हुई। इस पदयात्रा को आज विधायक मन्नू अंसारी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामधारी यादव और निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष गोवर्धन यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पदयात्रा आरंभ होने के पूर्व मुहम्मदाबाद नगर पालिका के चेयरमैन शमीम अहमद और क्षेत्र पंचायत सदस्य अरविन्द कुमार यादव ने पदयात्रियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम् प्रदान कर स्वागत किया।
पदयात्रा आरंभ होने के पूर्व सभी पदयात्रियों ने शहीद पार्क में अमर शहीद डॉ शिवपूजन राय एवं अष्ट शहीदों तथा स्वतंत्रता सेनानी मुख्तार अहमद अंसारी की प्रतिमा एवं स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया तथा लोकतंत्र को सशक्त करने और स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों को जीवित रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुहम्मदाबाद शहीद पार्क में आयोजित सभा में पदयात्रियों की हौसला अफजाई करते हुए विधायक मन्नू अंसारी ने कहा कि यह पदयात्रा ऐतिहासिक है। यह पदयात्रा भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने का रास्ता प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का जुल्मों सितम काफी बढ़ गया है। सरकार द्वारा उनके परिवार के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को भाजपा सरकार की हताशा बताते हुए कहा कि सामन्तियों द्वारा सताये हुए लोगों के साथ खड़ा होना ही मेरे परिवार का कसूर है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितना जुल्म कर ले मैं ‌ गरीबों -शोषितों पर ज़ुल्म नहीं होने दूंगा। इसके बदले में हर कीमत अदा करने के लिए तैयार हूं।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी, पूंजीपरस्त और साम्प्रदायिक नीतियों के चलते देश आज संकट में है। भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का काम कर रही है। यह सरकार लोकतंत्र के लिए खतरा बन गयी है।इस देश में अघोषित आपातकाल है। इस सरकार के खिलाफ बोलने वालों के घर पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। सीबीआई और ईडी का ग़लत इस्तेमाल कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। विरोधी दलों के नेताओं को फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेलों में डाला जा रहा है। सरकार के खिलाफ बोलने वालों को राष्ट्रद्रोही घोषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश को चंद पूंजीपति चला रहे हैं। गरीबों के खून पसीने की कमाई से पूंजीपतियों की तिजोरी भरी जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विरोधी दलों को समाप्त कर देना चाहती है।यह सरकार पूरी तरह से तानाशाही के रास्ते पर चल रही है। यह सरकार देश की सम्पत्ति को लूट और बेच रही है। देश को इनकी लूट से बचाना ही इस पदयात्रा का मूल मकसद है।
इस पदयात्रा के नायक अभिषेक यादव ने युवाओं से हिटलरशाही मोदी सरकार के खिलाफ लामबंद होने का आह्वान करते हुए कहा कि यह सरकार अभिव्यक्ति की आजादी के लिए खतरा बन गयी है। यह सरकार लोकतंत्र के चारों स्तंभों को लगातार कमजोर करने की साज़िश रच रही है।प्रेस भी आज स्वतंत्र नहीं हैं। समाचारपत्रों और न्यूज चैनलों में वही छप और प्रसारित हो रहा है जो सरकार चाहती है। यह सरकार लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। यह सरकार गरीबों पिछड़ों को मिलने वाले सामाजिक न्याय और आरक्षण को भी खत्म करना चाहती है। यह सरकार नौजवानों को नौकरी भी नहीं देना चाहती है। इस सरकार का आमजन की समस्यायों से कुछ भी लेना देना नहीं है। बेतहाशा बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी,भ्रष्टाचार के प्रति यह सरकार पूरी तरह से संवेदनहीन बनी हुई है।यह सरकार सरकारी संस्थाओं का निजीकरण कर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही है।
इस पदयात्रा में मुख्य रूप से डा.नन्हकू यादव अरुण कुमार श्रीवास्तव,डॉ विकास यादव,फेंकू यादव गांधी ,अजय कुमार यादव, संगीता गुप्ता, अम्बिका यादव, अमित ठाकुर,डॉ विकास यादव, राजेश कुमार यादव,आजाद राय,राघवेन्द्र यादव, संदीप यादव, संतोष यादव, चन्द्रेश्वर यादव उर्फ पप्पू यादव, अक्षय यादव, अनिल यादव,रामाशीष, आशुतोष यादव,राकेश क्रान्तिकारी, सुजीत कुमार,अविनाश विधार्थी,सुग्गु यादव,कृष्णानंद यादव, ई.दिनेश लोहिया, शुभम् यादव, आशुतोष तिवारी,राज साहनी, राजवीर सिंह आदि उपस्थित थे।

Check Also

राजस्व वसूली पर ध्यान दें अधिकारी

                              …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *