प्रदेश में बन रहे 19 एयरपोर्ट

गाजीपुर ।जनपद में 77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूम-धाम एवं हर्षाेल्लास से मनाया गया। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन दया शंकर ‘दयालु‘ ने सर्वप्रथम रायफल क्लब परिसर से स्कूली बच्चों की तिरंगा रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया जो शहर के विभिन्न मार्गोें से होते हुए पुनः राइफल क्लब परिसर पहुंचा। मंत्री द्वारा परिसर में झण्डा रोहण किया गया । राष्ट्रगान के पश्चात भारत माता की जय,वन्दे मातरम जैसी गगनभेदी नारों से परिसर गूंज उठा। तत्पश्चात मंत्री ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/शहीदों व विकास कार्याें की चित्र प्रदर्शनी के अलावा स्टाल के माध्यम से अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की लगायी गयी प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन कर अवलोकन भी किया। उन्होने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/शहीदों एवं विकास कार्याें की लगायी गयी प्रदर्शनी की सराहना की।
तत्पश्चात मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मंत्री ने जनपद के रायफल क्लब परिसर में स्वतंत्रता की 76वी वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन एवं मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर शुभारम्भ किया। लूर्दस कान्वेंट बालिका इण्टर कालेज एवं अन्य विद्यालयों की बालिकाओं द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागतगीत के माध्यम से स्वागत किया गया। सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गयी जो सराहनीय रहा। तत्पश्चात कार्यक्रम में मंत्री ने उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/शहीदो के परिजानो को अंगवत्रम, स्मृति चिन्ह व मिष्ठान देकर सम्मानित किया।क्रास कंट्री प्रतियोगिता के बालक वर्ग में भोला यादव प्रथम, अजय पटेल द्वितीय, व माता चरण बिन्द तृतीय स्थान एवं बालिका वर्ग में देवी प्रथम, मंशा द्वितीय व आरती यादव तृतीय स्थान तथा धोबिया नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुति पर सलटू राम एण्ड टीम को प्रमाण पत्र व मोमेन्टो देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम से पूर्व मा0मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, आगन्तुक ने स्वतंत्रता दिवस, आजादी के अमृत महोत्सव, मेरा माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के सम्बोधन को लाईव प्रसारण के माध्यम से को देखा व सुना गया।
77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद की अगुवाई कर रहे मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि दया शंकर ‘दयालु‘ ने अपने सम्बोधन में उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/शहीदो के परिजनो का हार्दिक नमन करते हुए महिला सशक्तिकरण की सराहना की । उन्होने कहा कि हम उस देश के नागरिक हैं जहां महारानी लक्ष्मीबाई एवं अन्य वीरांगनाओं ने जन्म लिया तथा नमन है इस जनपद के वीर अब्दुल हमीद, रामउग्रह पाण्डेय जैसे अनेक वीर सपूतों को जिन्होने अपने प्राणो को न्योछावर कर देश की सुरक्षा की। उन्होने कहा कि ‘यू ही नही दुनियां भारत को सोने की चिडि़या कहती थी। हमारे देश से मखमल, मलमल, मसाले व सूती कपडे विदेशो में निर्यात किये जाते थे। दुनिया भर में 33 प्रतिशत सूती कपड़े भारत देश से ही निर्यात किया जाता था। गुलामी की बात करें तो हम सन 1100 से ही गुलाम थे। अंग्रेजो की गुलामी के बाद उन्होने हमारे देश की अर्थव्यवस्था को ध्वस्त कर दिया। विदेशी आक्रमणकारियों ने हमारे मंदिरो को लूटा, हमारे देश को लूटा, हमारे विश्वविद्यालयो को जला दिया ‘फिर भी हम जिन्दा है‘। लेकिन आज मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। आज अमेरिका जैसे सुपरपावर देश में जहां मोदी केआगमन पर (हाउडी मोदी) 60 हजार से अधिक भारतीयो ने रैली कर उनका स्वागत किया। वही लंदन या आस्ट्रेलिया हो मोदी जहां भी जाते हैं वहां हजारों-हजार की संख्या में भारतीय उनके स्वागत के लिए खड़े होते हैं। दूसरे देशों के राष्ट्रपति मोदी जी से ऑटोग्राफ लेना चाहते हैं, यही तो बदलता हुआ भारत है। आज भारत पर्याप्त मात्रा में अनाज का उत्पादन करते हुए अपने देश के 80 करोड़ से अधिक नागरिकों को निःशुल्क अनाज देने का काम कर रहा है वही श्रीलंका जैसे देश में भुखमरी की नौबत आने पर वहां के लोगो का पेट भरने का भी काम किया है। हमने 40 हजार करोड़ की राफेल डील किया, हमने एक लाख करोड़ में इस देश के लिए एक हजार विमान मंगाये। प्रदेश में 19 एयरपोर्ट बनाये जा रहे हैं जिसमें एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जेवर नोयडा में बन रहा है। हमारा प्रदेश योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होने कहा कि मैं धन्य हूॅ और मैं जहां भी जाता हूॅ और गर्व से कहता हूॅ की इस जनपद जैसा शहीदी जिला पूरी दुनिया में कहीं भी नही है। यह वह जिला है जहां स्कन्द गुप्त ने सबसे खुंखार व बर्बर जाति के आक्रमणकारी हुणों को पराजित किया था जिसे आज औड़िहार के नाम से जाना जाता है। यह वह जिला है जहां के जवान सीमा पर तैनात होकर अपने देश की रक्षा की खातिर अपने प्राणो को न्यौछावर कर देते है, ऐसे वीर सपूतो को नमन है। उन्होने कहा भारत देश जो सदियों से गुलामी के बाद त्याग, तपस्या, बलिदान के बाद भी जिन्दा है आप उसी देश के नागरिक है। आप जिस भी क्षेत्र में कार्यरत हों उस क्षेत्र में अच्छा से अच्छा कार्य करते हुए अपने कर्तव्यो का निर्वहन करेे तब वह दिन दूर नही जब भारत विश्वगुरू एवं दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगा। उन्होने पुनः उन शहीदों के परिजनों को स्वतंत्रता दिवस की बधाईयां देते हुए कहा कि अगर वो न होते तो आज शायद ही भारत खुली आजादी में सांस ले पाता और हमारी गुलामी और आगे चली जाती।सम्बोधन के अन्त में मंत्री ने उपस्थित सभी लोगो को पंच प्रण की शपथ दिलाई ।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी,पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद के परिजनो, आगन्तुको, गणमान्य नागरिको व जनपदवासियों को बढाई दी। तत्पश्चात मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों व अधिकारीगण ने कलेट्रेट परिसर में वृक्षारोपण कर लोगो को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अन्त में राईफल क्लब परिसर से लंका मैदान तक मंत्री के नेतृत्व में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया जिसमें हजारों की संख्या मे लोगो ने प्रतिभाग किया। आभार मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अरूण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर प्रखर उत्तम, समस्त जनपद स्तरीय अधिकारीगण, स्कूली छात्र-छात्राएं, गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

Check Also

राजस्व वसूली पर ध्यान दें अधिकारी

                              …