
सादात। राष्ट्रीय राजमार्ग 124-डी पर सादात में स्ट्रक्चर (संरचना) का काफी दिनों से रुका अवार्ड गत दिवस जारी हो गया है। संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस देते हुए क्षेत्रीय लेखपाल रमाशंकर सिंह द्वारा मुआवजा संबंधी फाइल तैयार कर तहसील के माध्यम से जिला मुख्यालय स्थित एनएच कार्यालय को प्रेषित किया जा रहा है। इसे लेकर संबंधित लोगों में हर्ष का माहौल है।
बता दें कि सैदपुर से मरदह तक वाया सादात, जखनियां निर्माणाधीन एनएच 124 डी मार्ग पर सादात के संरचना का अवार्ड काफ़ी दिनों से अधर में था। इसके चलते सड़क निर्माण का कार्य रुका हुआ था। क्षेत्रीय लेखपाल रामाशंकर सिंह द्वारा मंगलवार से संरचना प्रतिफल नोटिस मकान मालिकों को देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिनका मकान अधिग्रहण कर लिया गया है, वह लोग जल्द से जल्द फाइल जमाकर प्रतिफल प्राप्त कर लें l उन्होंने बताया कि 77 नोटिस में करीब 132 लोग आच्छादित हैं। अवार्ड घोषणा और नोटिस जारी होते ही एनएचआई द्वारा जोर-शोर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। उधर कुछ लोगों का कहना है कि आबादी वर्ग 6 (2) मालिकाना हक वाली भूमि से सरकारी जमीन बताकर सरकार केवल एक गुणा प्रतिफल दे रही है और लोगों का आशियाना उजाड़ रही है, जो नियम विरुद्ध है। नियमानुसार दोगुना प्रतिफल दिया जाना चाहिए। साथ ही उजड़े आशियाना वाले गरीबों के पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए।
Narad Vani The Critical Opinion