ललित,राजकुमार को एक एक करोड़, पाल को डीएसपी पद

गाजीपुर। पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे यू0पी0 के दो खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय एवं राजकुमार पाल का सम्मान समारोह कार्यक्रम मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर, सैदपुर आयोजित हुआ।
मुख्य मंत्री योगी आदित्य नाथ ने कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे दो खिलाड़ी ललित उपाध्याय एवं राजकुमार पाल को उनके परिजनो संग स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।


मुख्य मंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि पेरिस ओलंपिक खेल का आयोजन 26 जुलाई से 11 अगस्त 2024 तक चला, जिसमें भारत ने एक रजत व पॉच कांस्य पदक जीते जिसमे उ0प्र0 के दो हॉकी खिलाड़ी ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीतने में अपनी अहम भूमिका निभाई। जिनका आज सम्मान समारोह आयोजित हो रहा है। उन्होने खिलाड़ियों एवं उनके परिजनों को शुभकामना देते हुए दोनो खिलाड़ियों को 01-01 करोड़ रूपये देने की घोषणा की । खिलाड़ी राजकुमार पाल जो इस जनपद के निवासी है उन्हें सम्मान स्वरूप डिप्टी एस पी के पद पर चयन करने की घोषणा की। इसके साथ उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी जिन्होेने ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया उन्हे 10-10 लाख रू0 की सम्मान राशि लखनऊ में सम्मान समारोह के दौरान आयोजित कार्यक्रम मे दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ललित उपाध्याय एवं राजकुमार पाल की माता की साधना का नतीजा है कि वह आज इस मुकाम पर हैं। ललित उपाध्याय पहले ही डिप्टी एस पी बनाये जा चुके हैं तथा राजकुमार पाल जल्द ही डिप्टी एस0 पी0 होंगे। उन्होने मेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी के प्रबन्धक पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह एवं स्व0 तेजबहादुर सिंह जिन्होेने हॉकी की नर्सरी को बढाने में अपनी अहम भूमिका निभाई उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि आज जो दो खिलाड़ी भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत का गौरव बढा रहे हैं यह उन्ही की साधना का परिणाम है।
उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री ‘‘खेलो इण्डिया खेलो‘‘ के लिए हर खिलाड़ी को खेलने के लिए प्रोत्साहित करते हैं तो उसके पीछे भी एक भाव होता है कि अगर आप देश के लिए खेलेंगे तो देश आपके लिए जान लगा देगा। कहा कि खेल को बढावा देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है , खिलाड़ियों के लिए हर जिले में एक स्टेडियम, ब्लाक स्तर पर मिनी स्टेडियम ग्राम पंचायत में खेल का मैदान बनाया जा रहा है। खेल कूद के लिए युवा मंगल दल एवं महिला मंगल दल को स्पोर्ट किट्स उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होने कहा कि सरकार का प्रदेश में खेलो का पूरा सपोर्ट है 500 से अधिक खिलाड़ियों को अलग अलग विभागों में शासकीय नौकरियां एवं सम्मान दिया गया है। प्रदेश में खेल एकेडमियों को सरकारी स्तर पर सहयोग दिया जा रहा है, यही कारण है कि आज हमारे पास दो अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, 84 स्टेडियम, 67 बहुद्देशीय हाल, 13 कुश्ती हाल, 15 सिन्थेटिक हॉकी मैदान , 47 अत्याधुनिक जिम सेन्टर, 20 सिन्थेटिक टेनिस कोर्ट, 16 छात्रावास भवन , 06 शूटिंग रेंज, 14 सिन्थेटिक बास्केटक बॉल कोर्ट, 02 जूडो हॉल, 12 वेटलिफ्टिंग हॉल, 02 इन्डोर वालीबाल तथा 19 फॉरमेटिक हॉकी खेल अवस्थानो का कार्य अबतक सम्पन्न हो चुका है। खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन करने के लिए 18 जनपदों में 16 खेलों में 44 छात्रावास का संचालन हो रहा है। 03 स्पोर्टस् कालेज लखनऊ, गोरखपुर एवं इटावा में संचालित हैं। प्रदेश में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार, मेजर ध्यान चन्द्र पुरस्कार, खेल रत्न पुरस्कार, खेल पद्म पुरस्कार तथा प्रशिक्षकों के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार दिये जाते हैं तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियो को अलग अलग पुरस्कार धनराशि प्रदेश सरकार द्वारा दी जाती है। इसके अतिरिक्त प्रदेश मे वृद्ध एवं अशक्त खिलाड़ियों जिसमें राज्य स्तर के खिलाड़ी को चार हजार, नेशनल स्तर के छः हजार एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर केे खिलाड़ियों को 10 हजार रूपये प्रदेश सरकार की तरफ से वित्तीय सहायता प्रदान किया जाता है।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर के 10 अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों जिसमे उत्तम सिंह, पवन राजभर, चन्दन यादव, मनोज यादव, अजीत यादव , आशु मौर्या, विशाल पाण्डेय, अजीत पाण्डेय, जमीला बानो, राधेश्याम यादव एवं हॉकी प्रशिक्षक इन्द्र देव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव ने अपना सम्बोधन व्यक्त करते हुए खिलाड़ियो को शुभाकानाएं दीं तथा प्रदेश के खिलाड़ियों को हर सम्भव सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्यक्रम मे पूर्व मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय एवं महासचिव हॉकी इण्डिया भोला सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामना दी। कार्यक्रम में स्वागत सम्मान पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने किया। कार्यक्रम के अन्त मे मुख्य मंत्री को स्मृति चिन्ह (हॉकी) एवं इण्डिया टीम की जर्सी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, राज्य सभा सांसद सगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा सुनील सिंह, पूर्व विधायक सुभाष पासी, खेल निदेशक उ0प्र0 डॉ आर पी सिंह, कुलपति पूर्वाचल विश्वविद्यालय जौनपुर वन्दना सिंह, डी आई जी वाराणसी परिक्षेत्र डॉ ओम प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा जनपद के समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी, भारी संख्या मे खिलाड़ी, आमजन एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।

Check Also

मुहम्मदाबाद तहसील में सर्वाधिक शिकायतें

गाजीपुर । जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सैदपुर में जिलाधिकारी …