तब सिन्हा और अंसारी होंगे आमने-सामने !

गाजीपुर। राजनीति में संकेतों के माध्यम से भी बहुत कुछ कहा जाता है। संकेतों को पकड़ने और समझने वाले ही कुशल राजनेता होते हैं और विश्लेषक भी। लोकसभा चुनाव की कभी भी घोषणा हो सकती है। यह तय है तो लोगों के बीच उत्सुकता इस बात को लेकर है कि मैदान में कौन कौन होगा।इस चुनाव में भाजपा(राजग),सपा( इंडिया)और बसपा ही मुख्य खिलाड़ी हैं। समाजवादी पार्टी ने अपना पत्ता खोल दिया है। पिछले चुनाव में सपा बसपा गठबंधन से बसपा उम्मीदवार के रुप में अफजाल अंसारी ने जीत दर्ज किया था। इस बार सपा – बसपा में कोई समझौता नहीं हुआ है। सपा ने अफजाल अंसारी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। अब नजर भाजपा और बसपा पर है।
भाजपा के बड़े नेता और संसदीय क्षेत्र के स्वाभाविक दावेदार मनोज सिन्हा रहे हैं। लेकिन मनोज सिन्हा जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। फिलहाल मोदी सरकार उन्हें वहां से हटाने का कोई संकेत नहीं दे रही है।यदि लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें उप राज्यपाल के पद से मुक्त नहीं किया गया तो भाजपा को गाजीपुर के लिए उम्मीदवार तलाशना होगा। दावेदारी तो कुछ लोगों की है लेकिन गंभीरता बहुत कम लोगों के दावे में दिख रहा है। उम्मीदवार घोषित किए बगैर भाजपा ने अपना केन्द्रीय चुनाव कार्यालय खोल दिया है। भाजपा में मनोज सिन्हा की दावेदारी में अनुपस्थिति के बाद उनके पुत्र अभिनव सिन्हा की सक्रियता काफी बढ़ गई है। पार्टी में मिल रही अहमियत और कार्यक्रमों में मौजूदगी के साथ सक्रियता बहुत कुछ बयां कर रहा है। पहली बार अभिनव सिन्हा की स्वतंत्र होर्डिंग्स शहर में 27 फरवरी को लगाए गए हैं। होर्डिंग में नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह एक तरफ तो दूसरी तरफ योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, चौधरी भूपेंद्र सिंह, कृष्ण बिहारी राय,भानु प्रताप सिंह, सुनील सिंह और एक अन्य नेता की है। इन होर्डिंग्स ने गर्मी लाने के साथ गंभीर संकेत दे दिया है। चुनाव की गाजीपुर में जैसी फील्ड भाजपा ने सजाई है उसने भी अभिनव सिन्हा की ओर संकेत साफ किया है। डा.संगीता बलवंत को राज्यसभा में भेजकर भी भाजपा ने यह कोशिश की है कि चुनाव में लड़ाई ही एकतरफा कर दिया जाए। तो अब इंतजार है भाजपा के घोषणा की।

Check Also

चौथे प्रबंधक की मूर्ति का अनावरण

सादात। बापू इंटर कॉलेज सादात के चौथे प्रबंधक स्व. फेंकू सिंह की प्रतिमा का शनिवार …