236 जोड़े बंधे विवाह बंधन में

गाजीपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम आर टी आई मैदान (नवीन स्टेडियम) में पूरे विधि विधान से आयोजित किया गया। शादी समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष  सपना सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित एवं मॉ सरवस्ती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
            सामूहिक विवाह योजना में जनपद के समस्त विकास खण्डों,  नगर पालिका/नगर पंचायत के कुल  236 जोड़ो का विवाह पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बटन दबाकर 35-35 हजार रूपये की धनराशि नववधुओं के खाते में हस्तान्तरित किया तथा नव दाम्पत्य को विवाह प्रमाण पत्र एवं पौध रोपण हेतु फलदार वृक्ष का पौध दिया गया। सामूहिक  विवाह के अवसर पर उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने  नव विवाहित वर-वधुओं को उनके वैवाहिक जीवन की मंगल कामना करते हुए शुभकामना दी।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का मुख्य उद्देश्य दहेज प्रथा बंद कराना है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने बेटियों के जन्म से लेकर विवाह तक की चिंता बांट ली है अब बेटियां किसी भी पिता पर बोझ नही हैं। बेटी ऐसी लक्ष्मी है जो जिस घर में जन्म लेती है वो घर पवित्र हो जाता है। उन्होने कहा कि एक पिता के लिए कन्यादान से बड़ा कोई दान नही होता। उन्होने परिणय सूत्र में बंधे नव दम्पितियों को शुभकामना देते हुए कहा कि आप इस संस्कार को बहुत आगे तक लेकर जायें आपकी गृहस्थी सुख समृद्धि के साथ चले यही शुभकामना है। उन्होने कहा कि ये बेटियां मुख्यमंत्री की बेटियां हैं । उन्होने उपस्थित माता-पिता से नव वधुओं को बहु नहीं बल्कि बेटी बनाकर अपने घर ले जाने की बात कही।
  मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने नव विवाहित वर-वधुओं को आर्शीवचन देते हुए कहा कि नव विवाहित जोड़ो ने 7 फेरे लेकर  एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है उसे आजीवन निर्वहन करें। मुख्यमंत्री ने इस योजना के माध्यम से गरीब, मजदूर एवं  असहाय परिवारों को इसका लाभ दिया है। हर मॉ बाप का सपना होता है कि उसकी बेटी का विवाह हो इस हेतु प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने उनके सपनों को पूरा करने के लिए सामूहिक विवाह को भव्यता प्रदान कर रहे हैं। उन्होने कहा कि इससे रूढिवादी सोच का विनाश होता है, इससे दहेज प्रथा कम होती है। उन्होने कहा कि सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत हर एक बेटियों को 35 हजार रूपये सरकार सीधे उनके खाते में देती है। इसके अलावा अन्य वैवाहिक सामाग्री भी प्रदान की जाती है।
नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने नव विवाहित जोड़ो को बधाई दी कहा कि  सामूहिक विवाह योजना कार्यक्रम  महिलाओं के प्रति समाज में  फैली  कुरीतियों को खत्म करने के लिए एक बहुत ही सार्थक प्रयास है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Check Also

राजस्व वसूली पर ध्यान दें अधिकारी

                              …