नौजवानों,किसानों, पिछड़ों से भाजपा का वादा साबित हुआ जुमला

गाजीपुर। जनपद आगमन पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय समता भवन पर पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय सचिव राम आसरे विश्वकर्मा का स्वागत किया गया। पत्रकार वार्ता में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व शिक्षा मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और साम्प्रदायिक सोच और महिलाओं के आरक्षण के मसले पर सवालिया लहजे में कहा कि भाजपा सरकार का महिला आरक्षण बिल आधा अधूरा है। इस आरक्षण का लाभ पिछड़ों और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं को भी मिलना चाहिए।‌ उन्होंने भाजपा सरकार को गरीब विरोधी बताते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार ने आर्थिक ढांचे को तहस-नहस कर दिया है। जनसामान्य का जिंदा रहना दूभर हो गया है। लोग बेबस और लाचार हैं। भाजपा सरकार ने महंगाई रोकने का कोई प्रयास नहीं किया। महंगाई से परेशान होकर मजबूरी में कई लोगों ने आत्महत्या तक कर ली। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की साम्प्रदायिक सोच के चलते इस देश की गंगा जमुनी तहजीब और सामाजिक और साम्प्रदायिक सद्भाव खतरे में है।‌ भाजपा की मजहबी सोच की वजह से दुनिया में विविधता में एकता की जो पहचान दुनिया में थी वह खतरे में है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। कोई ऐसा दिन नहीं गुजरता जिस दिन प्रदेश में हत्या की वारदात न हो ।‌ भाजपा राज में लोगों की जान सस्ती हो गई है।
भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में रोजगार के अवसर घट रहे हैं। नौजवानों का भविष्य अंधकार में है और अपराध बढ़ रहे हैं।
महंगाई का असर तो रोजाना की खाद्य सामग्री और घरेलू उपयोग के सामान पर भी पड़ रहा है। तेल, घी, दाल, आटा, सब्जी की कीमतों पर कोई रोक न लगने से लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। डीजल, पेट्रोल, खाद, बीज के दाम बढ़ने से किसान की फसल की लागत बढ़ गयी है।
भवन निर्माण सामग्री ईंट, मौरंग, बालू आदि पर 18 फीसदी जीएसटी लगने से मध्यम वर्ग के सिर पर छत भी नहीं पड़ने वाली है।
देश की अर्थव्यवस्था की जमीनी हकीकत जब निराशाजनक है तब लोगों को गुमराह करने के लिए कभी 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य और वैश्विकस्तर पर पांचवें से तीसरी श्रेणी में छलांग लगाने का दावा है। जबकि लोगों की आमदनी घटने से देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, पिछड़ों से जो वादे किए थे वे वादे जुमला साबित हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों का जनता भाजपा सरकार को 2024 के लोकसभा चुनाव में बेदखल कर करारा जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज का हित समाजवादी पार्टी में निहित है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने विश्वकर्मा पूजनोत्सव के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का काम किया था लेकिन भाजपा सरकार ने उस अवकाश को निरस्त कर विश्वकर्मा भगवान के साथ साथ विश्वकर्मा समाज का घोर अपमान किया है। इस अपमान के लिए विश्वकर्मा समाज भाजपा को कत्तई माफ नहीं करेगा।
पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के साथ साथ राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा,राज्य कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य रामधारी यादव, अशोक कुमार बिंद, निजामुद्दीन खां, विभा पाल, सदानंद यादव, अमित ठाकुर, छन्नू यादव, रामप्रकाश यादव आदि उपस्थित थे ।

Check Also

राजस्व वसूली पर ध्यान दें अधिकारी

                              …